सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार थाना क्षेत्र के जंगल में पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम इत्तलंका के पास जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सामग्री डंप कर रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधिकारियों और CRPF अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद संयुक्त सर्च ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
इसके बाद F/150 BN CRPF, QAT 150 BN CRPF और थाना चिंतलनार पुलिस की संयुक्त टीम जंगल में तलाशी अभियान के लिए रवाना हुई। जवानों ने इत्तलंका गांव से करीब 300 मीटर दूर संदिग्ध इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी शुरू की।
डंप से मिली विस्फोटक सामग्री
तलाशी के दौरान जवानों को कपड़े में लिपटा एक संदिग्ध बैग मिला। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम डिस्पोजल टीम की मदद से इसकी जांच की गई। बैग के अंदर से जिलेटिन स्टिक, BGL हेड, डेटोनेटर केस, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर समेत नक्सल गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामान में 25 जिलेटिन स्टिक, 16 BGL हेड, 25 डेटोनेटर केस, 12 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 2 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 6 BGL प्लंजर, 5 मीटर फ्लेक्सिबल वायर, चार्जिंग केबल, बैटरी कनेक्टर, BGL रॉ मटेरियल, बेल्ट, वेल्क्रो रोल और प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं।
IED के खतरे को देखते हुए बरती गई सावधानी
तलाशी अभियान के दौरान संभावित IED खतरे को देखते हुए सुरक्षा बलों ने विशेष सतर्कता बरती। संदिग्ध स्थानों की जांच बम डिस्पोजल टीम की सहायता से सुरक्षा मानकों के अनुसार की गई। बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब बरामद सामग्री के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि इसे किस नक्सली संगठन या दल ने जंगल में छिपाकर रखा था। इलाके में नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने और जंगलों में छिपे अन्य डंप का पता लगाने के लिए सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान लगातार जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।
सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई सुकमा में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।



