रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच नई राजनीतिक तस्वीर उभरकर सामने आई है। दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की अहम बैठक के बाद फिलहाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC) बदलने की संभावना टलती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान ने दीपक बैज के संगठनात्मक कार्यों और बूथ स्तर तक तैयार किए गए नेटवर्क की सराहना की है।
बैठक में दीपक बैज ने संगठन की गतिविधियों, जनआंदोलनों और बूथ स्तर तक किए गए विस्तार की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व उनके कार्यों से संतुष्ट है और फिलहाल प्रदेश की कमान उन्हीं के हाथों में बनाए रखने के संकेत मिले हैं।
वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को विधायकों के बीच समन्वय मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। महंत लगातार विधायकों और उनके परिवारों से मुलाकात कर संगठन में एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदलने की चर्चाएं अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। भविष्य में यदि नेतृत्व परिवर्तन होता है तो उमेश पटेल, अमरजीत भगत और मोहन मरकाम जैसे नेताओं के नाम संभावित दावेदारों में शामिल माने जा रहे हैं।
फिलहाल कांग्रेस की रणनीति साफ है—दीपक बैज संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करेंगे, जबकि डॉ. चरणदास महंत विधायकों के बीच तालमेल बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। ऐसे में आने वाले महीनों में प्रदेश कांग्रेस की राजनीति और भी दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।



