मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 2 तहसीलदार और 3 नायब तहसीलदारों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। साथ ही एक तहसीलदार को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार अनुरिमा टोप्पो को अंबागढ़ चौकी से स्थानांतरित कर मोहला तहसीलदार बनाया गया है। वहीं चांदनी देवांगन को मानपुर तहसीलदार के साथ-साथ औंधी तहसील का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नेहा विश्वकर्मा को मोहला से स्थानांतरित कर अंबागढ़ चौकी में पदस्थ किया गया है।
नायब तहसीलदारों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। दिनेश साहु को मोहला से खड़गांव का प्रभारी तहसीलदार, दिलीप साहू को मानपुर से मोहला, जबकि राज आशीष को खड़गांव से मोहला स्थानांतरित किया गया है।
इस फेरबदल के बाद मोहला तहसील में अब एक तहसीलदार और दो नायब तहसीलदार कार्यभार संभालेंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि यह तबादला नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है, जिससे राजस्व कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सकेगा।



