रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों में विवाद और बेवफाई के शक के चलते आरोपी करण तांडी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों की पहचान करीब तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद शव को WRS कॉलोनी के तालाब में फेंक दिया गया। मंगलवार को स्थानीय लोगों ने तालाब में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतका की पहचान हुई और आरोपी तक पुलिस पहुंची।
पूछताछ के बाद आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



