छत्तीसगढ़

CG Teacher News: स्कूल में शराब पार्टी करने वाले दोनों शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन..

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूल परिसर में शराब पार्टी करना दो शिक्षकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में पदस्थ शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के अंदर शराब पीते और चखना करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जबकि पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित होती नजर आई।

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने और मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत विभागीय जांच जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button