छत्तीसगढ़

सूरजपुर में बाघ की खाल के सौदे पर वन विभाग की रेड, 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार..

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाइल्ड क्राइम ब्यूरो से मिली सूचना के आधार पर की गई। आरोपियों के कब्जे से बाघ की खाल, दुर्लभ पैंगोलिन के शेल और शिकार में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि इलाके में बाघ की खाल और अन्य दुर्लभ वन्यजीवों के अंगों का सौदा होने वाला है। इसके बाद विभाग ने दो टीमों का गठन किया। योजना के तहत कुछ अधिकारी खरीदार बनकर तस्करों के संपर्क में पहुंचे। जैसे ही सौदा तय हुआ और आरोपी कथित तौर पर बाघ की खाल लेकर पहुंचे, टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, बरामद बाघ की खाल करीब 5 से 6 महीने पुरानी है। आशंका है कि इसे ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। फिलहाल वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि बाघ का शिकार कहां हुआ, खाल किन रास्तों से सूरजपुर तक पहुंची और इसे किसे बेचने की योजना थी।

वन विभाग का मानना है कि इस मामले के पीछे वन्यजीव तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इसलिए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश वाइल्ड क्राइम ब्यूरो और स्थानीय वन विभाग के संयुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

बाघ और पैंगोलिन भारत में संरक्षित वन्यजीव हैं। इनके शिकार, अंगों की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

Leave a Reply

Back to top button