रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता के दूसरे राज्य में काम करने के कारण दादी के साथ रहती है। घटना के दिन दादी खेत में रोपाई के काम से गई थीं और बच्ची घर पर अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 25 वर्षीय युवक घर में घुसा और कथित तौर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
दादी के घर लौटने पर बच्ची ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे ग्राम लिबरा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं तथा POCSO Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



