छत्तीसगढ़

40.78 करोड़ के निवेश घोटाले में बड़ी गिरफ्तारी, 3 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था ब्रांच मैनेजर.

रायगढ़। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस ने सहारा इंडिया निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 साल से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

3,848 निवेशकों से 40.78 करोड़ की धोखाधड़ी

पुलिस जांच में अब तक रायगढ़ समेत अन्य जिलों के 3,848 निवेशकों से करीब 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। आरोप है कि निवेशकों को कंपनी की विश्वसनीयता और अधिकृत योजनाओं का भरोसा दिलाकर रकम जमा कराई गई, लेकिन मैच्योरिटी के बाद भी राशि वापस नहीं की गई।तीन साल से फरार था आरोपी

सहारा इंडिया कंपनी रायगढ़ के कबीर चौक स्थित कार्यालय का पूर्व ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस को उसके कोतरारोड़ स्थित ससुराल आने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में पुलिस को मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले। आरोपी के कब्जे से कंपनी के प्रशासनिक दस्तावेज, आदेश पत्र और एमओयू की प्रतियां भी जब्त की गई हैं।

पहले भी कई आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही कंपनी के कई अधिकारियों और पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।

पुलिस टीम की भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Back to top button