छत्तीसगढ़

धरमजयगढ़ डबल मर्डर का खुलासा: दो भाइयों ने बुजुर्ग दंपति की हत्या कर शवों को जलाया..

धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ के बहुचर्चित क्रोंधा डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, भूमि विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने बुजुर्ग दंपति की टंगिया से हत्या कर दी और वारदात के बाद शवों व घर में आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दरअसल, 15 जुलाई को ग्राम क्रोंधा में मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई के जले हुए शव उनके घर के अंदर मिले थे। घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस डॉग रूबी के संकेत से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान घटनास्थल से मिले सुराग और पुलिस डॉग रूबी के संकेतों के आधार पर पुलिस श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया तक पहुंची। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने भूमि विवाद के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की।

पहले टंगिया से हत्या, फिर घर में लगाई आग

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी टंगिया लेकर मंगल राठिया के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पहले मंगल राठिया और फिर उनकी पत्नी पुनाई बाई पर हमला कर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शवों और घर में आग लगा दी, ताकि घटना को हादसा दिखाया जा सके और सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई टंगिया और वारदात के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Back to top button