रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक कथित तौर पर आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस के सामने आ गया, जिसके बाद लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया।
हादसे में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक मौके पर रुकी रही, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को ट्रैक से हटाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और वह ट्रेन के सामने कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।



