बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। चंदनू थाना क्षेत्र में लापता 50 वर्षीय महिला की हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई से लापता दुकलिहीन बाई बंजारे का क्षत-विक्षत शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास अमरैया नाला-शिवनाथ नदी किनारे मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड, एफएसएल टीम, ड्रोन, नाव और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच की गई।
जांच के दौरान गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (42) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 6 जुलाई की रात वह महिला के घर पहुंचा था। गलत काम का विरोध करने पर उसने फावड़े से हमला कर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद शव के साथ दुष्कर्म किया और सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरी से शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग गठरियों में बांध दिए। अगले दिन रात में दोनों गठरियों को शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2017 में भी एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है।



