सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र स्थित बांसाझाल गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटी ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही पिता की कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक लोहर साय कोरवा का अपनी दूसरी पत्नी रामपति बाई से मोटरसाइकिल की किश्त को लेकर विवाद हुआ था। बाद में दोनों अपनी बेटी के घर पहुंचे, जहां विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में बेटी सोन कुंवारी और उसके पति बंधन कोरवा ने लोहर साय का गला घोंट दिया। घटना के बाद खून के निशान मिटाने के लिए घर में गोबर से पोताई भी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी।



