News

PM मोदी की कूटनीतिक सौगात में छत्तीसगढ़, बस्तर की ढोकरा कला ने जीता दुनिया का दिल..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन को कूटनीतिक उपहार के रूप में बस्तर की विश्वविख्यात ‘ढोकरा ट्री ऑफ लाइफ’ धातु शिल्पकृति भेंट की। इस पहल से छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

‘ट्री ऑफ लाइफ’ शिल्पकृति बस्तर की प्राचीन ढोकरा कला का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसे पारंपरिक लॉस्ट वैक्स कास्टिंग (मोम सांचा ढलाई) तकनीक से तैयार किया जाता है। यह शिल्प भारतीय संस्कृति में जीवन, समृद्धि, प्रकृति और सह-अस्तित्व का प्रतीक माना जाता है।

राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं और पारंपरिक शिल्पों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। संस्कृति विभाग भी कलाकारों और शिल्पकारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न पहल कर रहा है।

प्रधानमंत्री द्वारा इस शिल्पकृति को वैश्विक कूटनीतिक उपहार के रूप में चुने जाने से बस्तर के शिल्पकारों को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को विश्व स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Back to top button