छत्तीसगढ़

चलती बस बनी डिलीवरी रूम, महिला ने सफर के दौरान दिया बच्चे को जन्म..

कोरबा। छत्तीसगढ़ से एक मानवीय और प्रेरणादायक घटना सामने आई है। कोरबा से पटना जा रही एक यात्री बस में सफर के दौरान गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति गंभीर होती देख चालक ने बस सड़क किनारे रोक दी। इसके बाद बस में मौजूद महिला यात्रियों की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया गया। मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात तेज बारिश के बीच राजहसन बस कोरबा से पटना जा रही थी। बस में सवार गर्भवती महिला अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी। अंबिकापुर पार करने के बाद रात करीब 11 बजे महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

स्थिति को देखते हुए बस चालक ने तत्काल बस रोक दी। बस में मौजूद महिला यात्री सुनती देवी सहित अन्य महिलाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए प्रसूता की मदद की और बस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

प्रसव के बाद बस बलरामपुर जिला अस्पताल पहुंची, जहां मां और नवजात को भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत पूरी तरह सामान्य है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि महिला कोरबा की रहने वाली है और यह उसका पहला बच्चा है। घटना के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। नवजात के जन्म के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने परिवार को बधाई देने के साथ स्वेच्छा से आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

Leave a Reply

Back to top button