छत्तीसगढ़

18वें जन्मदिन के चार दिन बाद मिली छात्रा की लाश, नाले में दफन था शव..

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा भारती टंडन की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाने वाली छात्रा का शव तीन दिन बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित नाले की रेत में दफन मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में बॉयफ्रेंड समेत चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भारती टंडन 11वीं पास कर 12वीं कक्षा में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी। परिजनों के मुताबिक 19 जून की रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

इसी बीच 22 जून को ग्रामीणों ने गांव के पास एक नाले में रेत से बाहर निकले शव को देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने रेत हटाकर शव बाहर निकाला, जिसकी पहचान भारती टंडन के रूप में हुई। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका और गहरा गई।

पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में छात्रा के सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव मिला है। डॉक्टरों के अनुसार किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे खोपड़ी तक टूट गई। वहीं जांघों पर खरोंच के निशान मिलने से संघर्ष की संभावना भी जताई जा रही है। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए सैंपल जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा के संपर्क में रहने वाले चार युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें उसका कथित बॉयफ्रेंड भी शामिल है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या, प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button