छत्तीसगढ़

सरगुजा में दोहरा हत्याकांड: पत्नी और युवक की हत्या, आरोपी पति फरार..

सरगुजा। जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक मकान के अंदर महिला और युवक के शव मिलने से गांव में दहशत का माहौल है। दोनों के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान नईहारो मझवार और बेन्जे बड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक घटना 17 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। उस समय नईहारो मझवार, उसका पति बाबूलाल मझवार और युवक बेन्जे बड़ा एक ही मकान में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने शराब पी रखी थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने के बाद बाबूलाल मझवार ने कथित तौर पर फावड़े से पत्नी और युवक पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत होने की आशंका है। घटना के बाद से आरोपी बाबूलाल मझवार फरार है।

घटना की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल इस घटना के बाद बिसरपानी गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button