छत्तीसगढ़

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का WhatsApp हैक, ‘सलीम राज’ बनकर मांगे जा रहे रुपए..

रायपुर। साइबर अपराधियों ने अब प्रभावशाली लोगों की पहचान का दुरुपयोग कर ठगी का नया तरीका अपनाया है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल कर परिचितों, समर्थकों और दोस्तों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहे हैं।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद डॉ. सलीम राज के मीडिया विभाग ने आधिकारिक सूचना जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जारी संदेश में बताया गया है कि साइबर ठग व्हाट्सएप अकाउंट पर कब्जा कर विभिन्न बहानों से आर्थिक मदद मांग रहे हैं।

खुद डॉ. सलीम राज ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके नाम से भेजे जा रहे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का भुगतान न करें। उन्होंने सभी परिचितों से अनुरोध किया है कि यदि उनके नाम से कोई संदिग्ध मैसेज प्राप्त होता है तो उसकी जानकारी तुरंत साझा करें।

विशेषज्ञों के अनुसार, साइबर अपराधी अब सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों का भरोसा जीतकर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। किसी परिचित या प्रभावशाली व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले फोन कॉल या अन्य माध्यम से उसकी पुष्टि जरूर करनी चाहिए।

फिलहाल तकनीकी टीम द्वारा डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Back to top button