छत्तीसगढ़

दुर्ग में कांग्रेस नेता समेत तीन गिरफ्तार, महिला से अभद्रता का आरोप..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में महिला से कथित अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा और जय साहू शामिल हैं। महिला की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के मुताबिक, 7 जून की रात आरोपी कथित तौर पर महिला के घर पहुंचे और उसके पति के बारे में पूछताछ करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, अशोभनीय इशारे किए तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि उन्होंने घर में घुसने का प्रयास किया।

पीड़ित पक्ष का दावा है कि यह विवाद पुरानी रंजिश और शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत के बाद शुरू हुआ। मामले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button