छत्तीसगढ़

सुकमा में दर्दनाक हादसा, नदी में डूबने से 4-4 साल के दो मासूमों की मौत..

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के गादीरास थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम एटपाल के कवासीपारा में मालगेर नदी में डूबने से 4-4 साल के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक बच्चों की पहचान 4 वर्षीय गीता करटामी और 4 वर्षीय अशोक पोडियम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे घर से नदी में नहाने के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की तो नदी किनारे बच्चों के कपड़े मिले।

ग्रामीणों ने तत्काल नदी में खोजबीन की, जिसके बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चों के परिजन जंगल में लकड़ी लेने गए हुए थे और बच्चे घर पर अकेले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और जल स्रोतों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button