छत्तीसगढ़

बालोद में गरजा आदिवासी समाज, बाबा बालक दास पर कार्रवाई की मांग तेज..

बालोद। जिले के जमाड़ी स्थित पाटेश्वर धाम को लेकर सोमवार को सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्ट्रेट घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर जमकर नारेबाजी व हंगामा किया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार से कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की भी जानकारी है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

सर्व आदिवासी समाज का आरोप है कि जमाड़ी स्थित पाटेश्वर धाम गांव की जमीन पर बना है और गांव के विकास कार्यों को भी धाम के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आदिवासी समाज के पवित्र पाट (पहाड़), जहां उनके देवस्थल स्थित हैं, उस पर भी कब्जा कर लिया गया है।

आदिवासी समाज ने पाटेश्वर धाम और बाबा बालक दास के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Leave a Reply

Back to top button