Newsछत्तीसगढ़

“कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुड़ियां नहीं पहन रखी”, पूर्व CM भूपेश बघेल का बड़ा बयान ..

सूरजपुर। जिले के शिवनंदनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन और सरकार पर जमकर हमला बोला।

चुनावी सभा और धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि “सरकार आती-जाती रहती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करना बंद करें। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुड़ियां नहीं पहन रखी है।” उनके इस बयान के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

भूपेश बघेल ने टीआई से लेकर आला अधिकारियों तक को चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता हमेशा नहीं रहती और कांग्रेस हर कार्रवाई को याद रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

दरअसल, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पहले ही शिवनंदनपुर थाना के सामने धरने पर बैठ चुके हैं। बाद में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी धरना स्थल पहुंचे, जिससे मामला और राजनीतिक रूप से गरमा गया।

मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी धरना स्थल पहुंचे और कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ेगी।

Leave a Reply

Back to top button