बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद भावुक और हृदयविदारक मामला सामने आया है। पति की करंट लगने से हुई मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर सकी और उसने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। एक ही परिवार से तीन दिनों के भीतर दो अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह घटना मस्तूरी विकासखंड के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामनारायण केंवट का विवाह करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केंवट से हुआ था। रामनारायण खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि 17 मई को रामनारायण घर में मोटर पंप चालू कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार और गांव के लोगों ने किसी तरह अंतिम संस्कार किया, लेकिन पति की मौत के बाद से सुनीता गहरे सदमे में चली गई थी।
परिजनों के मुताबिक, वह लगातार गुमसुम रहती थी और किसी से ज्यादा बात नहीं कर रही थी। पति की मौत के तीसरे दिन उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पति-पत्नी के बीच गहरा लगाव था और अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।



