छत्तीसगढ़

शिक्षिका से दुष्कर्म का आरोपी कांस्टेबल फरार, पुलिस ने घोषित किया इनाम..

जशपुर। जिले में एक शिक्षिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरक्षक पर पुलिस ने इनाम घोषित किया है। आरोपी कांस्टेबल रूद्रमणी यादव की गिरफ्तारी या उसके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस द्वारा ₹2000 का नगद इनाम दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता शिक्षिका ने थाना कांसाबेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिसमें दुष्कर्म, धमकी और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा है और उसकी तलाश लगातार जारी है। एसएसपी ने पुलिस रेगुलेशन के तहत यह इनाम घोषित किया है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में फेसबुक के जरिए उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। इसके बाद आरोपी ने उसे झांसे में लेकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया और बाद में लगातार धमकी व मानसिक प्रताड़ना भी दी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


Leave a Reply

Back to top button