बलौदाबाजार। लवन थाना क्षेत्र के लाहोद स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में शुक्रवार शाम जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक करीब दर्जनभर युवक और 5 महिलाएं डंडा लेकर शराब भट्टी पहुंचे और कर्मचारियों से विवाद करने लगे। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू हो गई, जिसमें 2 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हंगामे के दौरान शराब दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। शराब की बोतलें फोड़ दी गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों ने लवन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



