छत्तीसगढ़

CG Crime: सोते समय परिवार पर हमला, धारदार हथियार से चार की हत्या..

जांजगीर। जिले के ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। निर्माणाधीन मकान में चारों के शव खून से लथपथ हालत में खाट पर पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि सोते समय धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। सभी लोग नए मकान के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं रह रहे थे।

सुबह जब निर्माण स्थल पर मिस्त्री पहुंचा तो उसने देखा कि काफी देर तक कोई हलचल नहीं हो रही है। शक होने पर पास जाकर देखा तो चारों लोग खाट पर खून से लथपथ पड़े थे। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद गांव वालों को सूचना दी गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही Shivrinarayan Police Station की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button