बालोद | छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर एक भाजपा पदाधिकारी के साथ रिसॉर्ट में रंगे हाथ पकड़ लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, टिकरापारा वार्ड निवासी एक व्यक्ति को अपनी पत्नी पर शक था। उसने अपने एक परिचित से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और महिला आरक्षक के साथ एक रिसॉर्ट में दबिश दी। बताया जा रहा है कि वहां उसकी पत्नी एक भाजपा के अल्पसंख्यक पदाधिकारी के साथ कमरे में मौजूद थी।
दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक आवाज देने के बाद पहले पदाधिकारी बाहर आया, जबकि कुछ समय बाद महिला भी बाहर निकली। इस दौरान मौके पर जमकर विवाद हुआ और पति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया।
पति के गंभीर आरोप
पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी के कई लोगों से संबंध हैं और विरोध करने पर वह मारपीट करती है। उसने यह भी दावा किया कि बच्चों के साथ भी दुर्व्यवहार किया जाता है। मामले को लेकर उसने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी ने दिया जवाब
वहीं, महिला ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पति पर ही प्रताड़ना और बदनाम करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसका पति नशे का आदी है और लंबे समय से उसके साथ मारपीट करता रहा है। उसने यह भी कहा कि वह अपनी मर्जी से रिसॉर्ट गई थी और उसे साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है।
वीडियो वायरल, जांच शुरू
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



