राजनांदगांव। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के तहत एक राजस्व निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सीमांकन प्रकरणों को लंबे समय तक लंबित रखने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप में की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, संबंधित राजस्व निरीक्षक के खिलाफ जांच प्रतिवेदन में लापरवाही सामने आने के बाद कारण बताओ नोटिस दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
आरोप है कि वर्षो से सीमांकन से जुड़े मामलों में कोई प्रगति नहीं हुई, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा और शिकायतें बढ़ती गईं। इसे गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का मामला माना गया।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी का मुख्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा राजनांदगांव निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



