Newsछत्तीसगढ़

अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, महाराष्ट्र के शोलापुर से दबोचा गया आरोपी..

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध कॉल सेंटर गिरोह के मुख्य अंतर्राज्यीय मास्टरमाइंड विकास नरेन्द्र शुक्ला को महाराष्ट्र के शोलापुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूलतः अहमदाबाद (गुजरात) का निवासी है।

इससे पहले 25 मार्च 2026 को इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर संचालित अवैध कॉल सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान सुपरवाइजर सहित कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही 67 मोबाइल फोन, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 16.53 लाख रुपये बताई गई।

पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के मुख्य सरगना विकास शुक्ला के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद गुजरात, गोवा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में लगातार छापेमारी की गई, जिसके बाद आखिरकार आरोपी को शोलापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने साथियों के साथ डार्क वेब के जरिए अमेरिकी नागरिकों का डेटा हासिल करता था। इसके बाद कॉल सेंटर के माध्यम से लोन और क्रेडिट स्कोर के नाम पर लोगों को झांसा देकर गिफ्ट कार्ड के जरिए पैसे वसूले जाते थे। जो लोग पैसे देने से मना करते थे, उन्हें फर्जी वारंट और नोटिस भेजकर डराया जाता था।

ठगी से प्राप्त रकम को प्रोसेसिंग चैनल के माध्यम से डॉलर से भारतीय मुद्रा में बदलकर आपस में बांटा जाता था।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड और 1 पैन कार्ड जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी वर्ष 2019 में पुणे में अवैध कॉल सेंटर संचालन के मामले में जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button