महासमुंद। जिले के ग्राम पचरी में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में लंबे समय तक तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ शनिवार शाम ग्राम पचरी पहुंचे थे। टीम आबकारी से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय और विनोद मार्कंडेय की गिरफ्तारी के लिए गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाना शुरू किया, तभी उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते आरोपियों के परिजन और अन्य ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और लाठी-डंडे, लोहे की रॉड तथा ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में पुलिसकर्मियों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। टीआई उत्तम तिवारी, एक प्रधान आरक्षक और महिला आरक्षक भी बुरी तरह घायल हो गए।
हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी नहीं छोड़ा और उस पर जमकर पथराव कर कांच तोड़ दिए। इस दौरान आरोपियों की बहन हेमा मार्कंडेय पुलिस वाहन के सामने सड़क पर लेट गई, ताकि उन्हें ले जाने से रोका जा सके। हालांकि महिला पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को संभाला।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम आरोपियों को गिरफ्तार कर सुरक्षित थाने ले जाने में सफल रही। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।



