छत्तीसगढ़

रतनपुर में अवैध रेत खनन ने ली जान: नाबालिग युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार..

रतनपुर। देर रात करीब 3 बजे मिली सूचना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। ग्राम गढ़वट स्थित खारंग नदी किनारे रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर में सवार 17 वर्षीय अमित कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सूचना मिलते ही थाना रतनपुर प्रभारी प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने का मामला बताया गया था, लेकिन मर्ग जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

जांच में पता चला कि आरोपी तोषण कश्यप द्वारा अवैध रेत खनन के लालच में खारंग नदी में 6-7 फीट गहरे गड्ढे में रात के अंधेरे में काम कराया जा रहा था। आरोपी को यह जानकारी होने के बावजूद कि गड्ढा कभी भी धंस सकता है, उसने जानबूझकर अमित कश्यप और अमित यादव को उसमें उतारा। इसी दौरान रेत और मिट्टी धंसने से अमित कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना को छुपाने के लिए आरोपी ने साजिश रचते हुए ट्रैक्टर को वहां से हटाकर ट्रॉली पलट दी और झूठी दुर्घटना की कहानी गढ़ दी, ताकि इसे हादसा बताया जा सके।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 105, 238(बी) भा.न्या.सं. के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के साथ उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग और आरक्षक गोविंदा यादव का विशेष योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपी –
1. तोषण कश्यप पिता रामेश्वर प्रसाद उम्र 34 साल साकिन गढ़वट थाना रतनपुर जिला बिलासपुर छ.ग.।

Leave a Reply

Back to top button