नई दिल्ली
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के नए अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उन्हें 7897 वोट मिले हैं। वहीं, शशि थरूर को महज 1078 वोट ही मिले। 17 अक्टूबर का हुई वोटिंग में कुल 9 हजार के आसपास वोट पड़े थे। 24 साल बाद खड़गे गैर गांधी अध्यक्ष होंगे।
थरूर ने एक बयान में कहा कि अंतिम फैसला खरगे के पक्ष में रहा, कांग्रेस चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देना चाहता हूं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अध्यक्ष बनना बड़े सम्मान, बड़ी जिम्मेदारी की बात है, मैं मल्लिकार्जुन खड़गे को इस चुनाव में उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं.उनका यह भी कहना था कि सर्वाधिक संकटपूर्ण स्थितियों में पार्टी का संबल बने रहने और नेतृत्व प्रदान करने के लिए सभी, निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के ऋणी हैं. थरूर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में अपना योगदान देने के लिए मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का धन्यवाद करता हूं.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान किया था.