छत्तीसगढ़

CG- किराना दुकान में लगी आग..जिंदा जल गई महिला, ग्राहक झुलसा..

सरगुजा। जिले में मंगलवार रात किराना दुकान में आग लगने से एक महिला जिंदा जल गई। दुकान में बेचने के लिए पेट्रोल निकालने के दौरान आग लगी, जिसमें महिला दुकानदार और पेट्रोल लेने आया युवक झुलस गए। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के कंचनपुर की है।।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कंचनपुर में बीती रात बिजली गुल हो गई थी। रात करीब 8 बजे लाल साय की किराना दुकान में उसकी पत्नी दरिना सिंह (24) बैठी थी। रात करीब 8 बजे एक युवक अजय दुकान में पेट्रोल लेने के लिए पहुंचा था। दरिना सिंह बिजली गुल होने के कारण मोमबत्ती की रोशनी में जरिकेन से पेट्रोल निकाल रही थी।

जरिकेन के पास मोमबत्ती होने के कारण आग लग गई। जरिकेन में रखे पेट्रोल से भड़की आग की चपेट में आकर दरिना सिंह और अजय सिंह झुलस गए। बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण दरिना सिंह अंदर भागी। देखते ही देखते दुकान और पूरे घर में आग फैल गई।

आग लगी देखकर आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही अंबिकापुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने गंभीर रूप से झुलसी दरिना सिंह और अजय (20) को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया। यहां इलाज के दौरान दरिना ने दम तोड़ दिया।

हादसे के दौरान महिला का पति लाल साय अपने 4 साल के बेटे कार्तिक को लेकर बिजली गुल होने के कारण ट्रांसफॉर्मर के पास गया था। गांव वाले ट्रांसफॉर्मर का डीओ लगाने की कोशिश कर रहे थे। आग लगने की सूचना पर जब तक वह घर पहुंचा, पूरा घर आग की लपटों से घिरा था। हादसे में घर और दुकान का पूरा सामान जल गया।

Leave a Reply

Back to top button