पटना।
गंगा नदी में नाव पलटने से एक ही परिवार के 17 लोग डूब गए। हादसे के बाद स्थानीय नाविकों ने ही 12 लोगों को बाहर निकाला। जबकि पांच लोग लापता हैं। जिनकी तलाश जारी है। लापता लोग एक ही परिवार के हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गंगा दशहरा के मौके पर बाढ़ स्थित उमानाथ घाट मे भारी भीड़ थी। इसी दौरान परिवार के सभी सदस्य गंगा में स्नान करने गए थे।
घटना की पुष्टि करते हुए बाढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। गंगा घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। नाव पलटने की सूचना पर बाढ़ एसडीएम शुभम कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया। एसडीआरएफ की टीम डूबे हुए लोगों की तलाश में लगी है।
लापता लोगों की तलाश जारी
एसडीएम शुभम कुमार ने बताया कि एक ही परिवार के 17 लोग नाव पर सवार हुए, उसके बाद ये घटना हुई। गंगा नदी में लापता लोगों के तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। नाव पर सवार सभी लोग एक ही परिवार के मालती गांव के निवासी हैं। नाव पर महिलाओं एवं बच्चों की होने की बात भी बताई जा रही है।



