रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई। माना थाना में पदस्थ आरक्षक रमाकांत सिंह का शव वीआईपी रोड स्थित एक फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मिला है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार आरक्षक रमाकांत सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ वीआईपी रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान शुक्रवार शाम उनका शव स्विमिंग पूल में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस मृतक के साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं दूसरी ओर राजधानी से जुड़े एक अन्य मामले में कांग्रेस पार्षद अमित दास की भी स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे अपने दोस्तों के साथ मध्यप्रदेश के कान्हा किसली नेशनल पार्क घूमने गए थे, जहां स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।



