रायपुर। छत्तीसगढ़ में बदले मौसम के बीच आंधी-तूफान और तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में एक किसान और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं महासमुंद जिले में बिजली गिरने से एक घर में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के तुमगांव क्षेत्र में 40 वर्षीय किसान धरम सिंह गोंड अपने पिता के साथ खेत की रखवाली करने के लिए पेड़ पर बने मचान पर बैठे थे। इसी दौरान देर रात तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में धरम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। घायल पिता को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
वहीं महासमुंद के बाघमुड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक कच्चे मकान पर बिजली गिरने से अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। हालांकि परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए।
इधर बिलासपुर जिले के गतौरा गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े पिता-पुत्री भी बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले दुर्ग जिले में क्रिकेट खेलकर लौट रहे 18 वर्षीय छात्र शक्ति बिश्नोई की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।



