छत्तीसगढ़

10 लाख की ठगी, नकली सोने के बिस्किट को असली बताकर लगाया चूना, 3 आरोपी गिरफ्तार..

जशपुर। पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने नकली सोने के बिस्किट को असली बताकर 10 लाख रूपए ठगने की कोशिश की थी। आरोपियों ने 10 हजार रुपए ठग भी लिए थे, लेकिन शिकायत के बाद वो तीनों पकड़े गए।

नकली सोने के बिस्किट का 10 लाख में हुआ सौदा

साई टांगर टोली गांव में रहने वाले फिरोज हाजम ने 1 दिसंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बलरामपुर जिले के करकली गांव में रहने वाला कलाम खान 25 नवंबर को उससे मिलने आया था और उसने बताया कि उसके पास साढ़े चार सौ ग्राम सोने की बिस्किट है, जिसे वह बेचना चाहता है। इस दौरान फिरोज हाजम ने खुद उसे खरीदने की बात कही और दोनों के बीच 10 लाख में सौदा तय हुआ।

जांच में नकली निकली सोने की बिस्किट

1 दिसंबर को आरोपी कलाम खान अपने दो साथी शंकर भगत और बिहारी तिर्की के साथ जामटोली भलमंडा गांव पहुंचा। यहां आरोपी ने सोना दिखाने और एडवांस के नाम पर उससे 10 हजार रूपए ले लिए। वहीं जब फिरोज हाजम ने शक के आधार पर सोनार को बुलाकर सोने के बिस्किट को चेक कराया तो वह नकली निकला। इसके बाद जब फिरोज हाजम ने पैसे वापस मांगे तो उसने देने से मना कर दिया।

पुलिस ने तीन आरोपी को किया गिरफ्तार

आरोपी ने जब पैसे देने से मना कर दिया तो फिरोज हाजम ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने जामटोली भलमंडा गांव में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों कलाम खान, शंकर भगत और बिहारी तिर्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने की नकली बिस्किट, घटना में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल और कार को जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Back to top button