भिलाई: सीएम के ओएसडी आशीष वर्मा के यहां छापेमारी के दौरान बदसलूकी के मामले में कार्रवाई के लिए ईडी ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा को पत्र लिखा है। ईडी अधिकारियों के साथ मारपीट की गई।
ईडी के वकील डॉ. सौरभ पांडे ने कहा कि ईडी ने 23 अगस्त की सुबह सीएम के ओएसडी आशीष वर्मा के पदुमनगर भिलाई 3 स्थित आवास पर छापा मारा था। इस दौरान बाहर प्रदर्शनकारियों ने ढोल बजाते हुए ईडी और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद ईडी अधिकारियों की गाड़ी में तोड़फोड़ की। इनता ही नहीं छापे की कार्यवाही का नेतृत्व कर रहे डिप्टी डॉयरेक्टर संदीप आहूजा छापे के बाद जब वहां से निकल रहे थे तो भीड़ नारेबाजी करते हुए उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने उन्हें किसी तरह वहां से निकाला। इस पूरे मामले पर ईडी की ओर से एफआईआर दर्ज करने के लिए दुर्ग एसपी को पत्र लिखा गया है।
बता दें कि दो दिन पहले ईडी की अलग-अलग टीमों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, सीएम के दो ओएसडी आशीष वर्मा और मनीष बंछोर के साथ ही दुर्ग के कारोबारी राजीव भाटिया के निवास पर छापामार कार्यवाही की थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी की कार्यवाही का विरोध करते हुए छापे वाले स्थानों पर जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।



