रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार ने विभागीय कार्यों में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और विभागीय कामकाज में जवाबदेही तथा आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सचिव ने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए महत्वपूर्ण और अत्यावश्यक कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक प्रकरण में स्पष्टता, तार्किक दृष्टिकोण और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लिया जाना चाहिए।
ठेकेदारों के लंबित बिलों और पुराने टेंडरों की होगी समीक्षा
सचिव मुकेश कुमार ने ठेकेदारों के लंबित बिलों का परीक्षण कर पात्रतानुसार भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। जिन कार्यों की भौतिक प्रगति पूरी हो चुकी है, उनके वित्तीय भुगतान की स्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने 31 मार्च 2026 से पहले जारी टेंडरों से संबंधित कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर सूची तैयार करने और पुराने लंबित प्रकरणों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का संयुक्त आकलन कर जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया।
गुणवत्ता और जवाबदेही पर विशेष जोर
बैठक में मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और शासकीय राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सप्लीमेंट्री और रिवाइज्ड कार्यों का औचित्य के आधार पर परीक्षण कर निर्णय लेने को कहा गया। सचिव ने अधिकारियों को प्रत्येक कार्य की समय-सीमा तय करने और स्वयं उसकी प्रगति की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।
सब इंजीनियरों को मिलेगा प्रशिक्षण
विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए सचिव ने निर्धारित फ्रेमवर्क के तहत काम करने पर जोर दिया। उन्होंने फील्ड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने और बेहतर क्रियान्वयन के लिए सब इंजीनियरों के कम से कम एक सप्ताह के प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिव ने कहा कि टीम भावना, स्वामित्व और सकारात्मक सोच के साथ काम करने से विभागीय कार्यों में गति आएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ लंबित प्रकरणों को जल्द समाप्त करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।



