छत्तीसगढ़

जीपीएम राज्योत्सव में दिखी विकास और सुशासन की झलक, विभागीय प्रदर्शनियों ने मोहा मन..

पेंड्रारोड। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुकुल खेल मैदान, पेंड्रारोड में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्धियों की जानकारी ली।

जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी रही खास आकर्षण

राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। इसमें महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण, श्री रामलला दर्शन योजना, घर-घर निर्मल जल अभियान और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी चित्रों के माध्यम से दी गई।

मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनसंपर्क विभाग की मासिक पत्रिका ‘जनमन’ की सराहना की।

कृषि, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की झलक

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने उन्नत खेती, जैविक कृषि, फसल विविधीकरण और ऑयल पाम की खेती की संभावनाओं को प्रदर्शित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों और महतारी वंदन योजना से जुड़ी जानकारी दी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प और खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग ने पीएम जनमन अभियान के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार योजनाओं का प्रदर्शन

स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक नवाचारों और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों को प्रदर्शित किया। पर्यटन विभाग ने प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जुड़ी पर्यटन संभावनाओं की जानकारी दी।

स्वास्थ्य, समाज कल्याण, श्रम, उद्योग और जिला अग्रणी बैंक सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रखा। वहीं लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, वन, पशुधन विकास, मछली पालन, सहकारिता, पुलिस, परिवहन और विद्युत विभाग ने भी अपने कार्यों का प्रदर्शन किया।

योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास

राज्योत्सव में लगी प्रदर्शनियां शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनीं। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने से नागरिकों को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय कल्याण, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को समझने का अवसर मिला।

Leave a Reply

2

Back to top button