छत्तीसगढ़

6. जीजा के आरोपों से आहत महिला ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान हुई मौत..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार पुलिस चौकी अंतर्गत रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। महिला के चरित्र पर संदेह कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने खुद को आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृत्यु पूर्व बयान से सामने आई घटना की वजह

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान मृतका के मृत्यु पूर्व बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के दस्तावेज, घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयान की जांच की गई। मृतका ने अपने बयान में बताया था कि पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान उसके जीजा ने उसके चरित्र पर सवाल उठाते हुए बेबुनियाद आरोप लगाए थे। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।

जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया।

पारिवारिक समारोह में हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपाली निवासी 28 वर्षीय गीताराय का विवाह वर्ष 2024 में सतीश कुमार राय से हुआ था। 15 से 16 अप्रैल के दौरान वह अपने पति के साथ मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा में अपने मामा के यहां आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने गई थी।

इसी दौरान वहां पहुंचे उसके जीजा विनेत जोगी (44 वर्ष), निवासी टिकारी, ने कथित तौर पर उसके चरित्र को लेकर आरोप लगाए। इस बात को लेकर विवाद हुआ। घटना से आहत महिला ने 18 अप्रैल की रात करीब 11 बजे खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की। जांच में जुटाए गए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोपी विनेत जोगी की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Back to top button