मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सुबह करीब 6 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे अधीन मोहले मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि वे अपने घर के बाहर सड़क किनारे कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अधीन मोहले समेत बल्लू बघेल और गंगा राम की भी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में एक पिकअप वाहन तखतपुर की ओर से मुंगेली की तरफ जाते हुए दिखाई दिया है। हालांकि, हादसे में इसी वाहन की संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
विधायक मोहले ने दी श्रद्धांजलि
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी। अधीन मोहले का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में दोपहर 3 बजे किए जाने की जानकारी दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।



