अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। खेत में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत में बिछे करंट की चपेट में आया युवक
जानकारी के मुताबिक, यह घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत हुई। मृतक की पहचान जुगेश्वर पिता शंकर पावले (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेमहला और लवजी गांव के बीच स्थित झिलमिली जंगल के पास खेतों में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए करंट बिछाया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। रात होने के कारण तत्काल पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसके बाद शव को लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खेत में करंट किसने और किन परिस्थितियों में बिछाया था, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।



