छत्तीसगढ़

रायगढ़ में सड़क किनारे सूचना बोर्ड से लटका मिला युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बंगुरसिया मार्ग की है, जहां बुधवार सुबह करीब 6 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे लगे सूचना बोर्ड से कपड़े के सहारे लटका हुआ शव देखा। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने चक्रधर नगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही उम्र

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हालांकि, आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच जारी

पुलिस शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस आसपास के औद्योगिक संस्थानों, ट्रांसपोर्टरों और गुमशुदगी से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button