छत्तीसगढ़

कार्टून समाज का सशक्त दर्पण, सोचने और आत्ममंथन के लिए करता है प्रेरित : CM विष्णु देव साय..

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने और गंभीर विषयों पर सोचने के लिए प्रेरित करने वाली सशक्त कला विधा है। कई बार जो बात हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सरलता और गहराई से लोगों तक पहुंचा देता है। मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका की ओर से आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे।

कार्टून लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के वाहक होते हैं। कार्टून में चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। एक कार्टूनिस्ट अपने सूक्ष्म अवलोकन और रचनात्मक दृष्टि से सामाजिक घटनाओं एवं विसंगतियों को इस तरह प्रस्तुत करता है कि उसका प्रभाव लंबे समय तक लोगों की स्मृति में बना रहता है।

उन्होंने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। बदलते भारत और सामाजिक परिस्थितियों को अभिव्यक्त करने में उनका योगदान भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।

युवा कार्टूनिस्टों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता को नई उड़ान दें। डिजिटल माध्यमों ने कलाकारों के लिए अभिव्यक्ति के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। युवा कलाकार अपनी मौलिकता बनाए रखते हुए इन मंचों का उपयोग करें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रदर्शित करने और स्थापित कलाकारों से सीखने का अवसर मिलता है।

प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

कार्टून फेस्टिवल-2026 के दौरान जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। इससे नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का एक विशिष्ट और रोचक तरीका है।

कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। पत्रिका ने देशभर के स्थापित और नए कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराया है।

लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यंग्य के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील मुद्दों को सहजता से सामने लाया जा सकता है। उन्होंने कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि ऐसे कार्यक्रम कला, रचनात्मकता और समाज के बीच संवाद को मजबूत करेंगे।

Leave a Reply

Back to top button