छत्तीसगढ़

बालोद: युवक ने गला और हाथ काटकर आत्महत्या की कोशिश, रायपुर रेफर..

बालोद। जिले के हल्दी चौकी क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ोसी गांव बेलौदी के एक पेट्रोल पंप के पास मिला। सूचना मिलने पर डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया।

बताया गया कि नरेंद्र रावटे (27), निवासी भेड़िया नवागांव, मजदूरी का काम करता है। ग्रामीणों के मुताबिक, 21 सितंबर की सुबह वह घर से साइकिल लेकर निकला था और उसके हाथ में हंसिया था। शाम करीब 5 बजे वह बेलौदी गांव में पेट्रोल पंप के पास घायल अवस्था में मिला।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को संभाला और उसके हाथ से धारदार हथियार लिया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में युवक के पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Back to top button