सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चंद्रपुर में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा चंद्रपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच के दौरान सुसाइड नोट बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका प्रेमनगर की रहने वाली थी और पढ़ाई के सिलसिले में चंद्रपुर में किराए के मकान में रहती थी। देर रात उसने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई की।
जांच के दौरान कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने परिजनों के लिए कुछ बातें लिखी हैं। नोट में उसके प्रेम संबंध का भी जिक्र मिला है। हालांकि, उसने अपनी मौत के लिए किसी व्यक्ति को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पुलिस फिलहाल आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। अधिकारी का कहना है कि प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



