रायपुर। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने और आउट ऑफ टर्न DSP पद पर पदोन्नति की घोषणा की।
ज्ञानेश्वरी ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेल में पदक जीतकर उन्होंने देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन किया है।
CM साय ने जमकर सराहा जज्बा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
सरकार देगी खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, कोचिंग और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच देना है।
ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास की बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।



