रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास करीब सुबह 8 बजे हुआ, जहां भवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने बस चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया है। चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है।
हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश
हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चे के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्कूल बसों की रफ्तार पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल बसों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सर्विस रोड और रिहायशी इलाकों में स्कूल बस चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
डायल-112 टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद डायल-112 में तैनात आरक्षक दीपक लहरे और चालक ने मौके पर पहुंचकर शव को सुरक्षित मेकाहारा मर्चुरी पहुंचाया। साथ ही भीड़ को नियंत्रित कर यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद की। अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए पुलिसकर्मी को पुरस्कृत किया।



