राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के तुमड़ीबोड़ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। 28 वर्षीय तामेश्वरी साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके देवर देवेन्द्र साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह भाभी के बार-बार काम नहीं करने और घर में बैठे रहने के ताने देने से नाराज था। गुस्से में उसने साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
यह घटना 31 जुलाई को पेण्डरवानी गांव में हुई थी। महिला का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर देवर देवेन्द्र साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि भाभी अक्सर उसे काम नहीं करने और घर में बैठे रहने को लेकर ताने देती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने साड़ी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



