जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की पहल के तहत जशपुर जिले में बड़े पैमाने पर 2 लाख 72 हजार 650 साजा और अर्जुना के पौधों का रोपण शुरू किया गया है। यह अभियान वर्ष 2026-27 में मनरेगा के अंतर्गत फरसाबहार, दुलदुला, पत्थलगांव और कुनकुरी विकासखंडों के 19 स्थलों पर 66.5 हेक्टेयर भूमि में चलाया जा रहा है।
प्रत्येक स्थल पर लगभग 14,350 पौधे लगाए जा रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य जिले का हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, किसानों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
साजा और अर्जुना के पेड़ कोसा कीट पालन के लिए सबसे उपयुक्त माने जाते हैं। पौधों के विकसित होने के बाद ग्रामीण परिवार प्राकृतिक कोसा उत्पादन से बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे। वहीं मनरेगा के तहत जॉब कार्डधारियों को रोजगार मिल रहा है और रेशम विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में पौधों की देखभाल का कार्य भी किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाएगी और पलायन रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



